वेटिकन सिटी से नए पोप चुने जाने की औपचारिक घोषणा

ईसाइयों के सर्वोच्च धर्मगुरु का ऐलान हो गया है। कैथोलिक चर्च के कार्डिनल निर्वाचकों ने अमेरिका के शिकागो निवासी 69 वर्षीय रॉबर्ट प्रीवोस्ट को नया पोप चुन लिया है। गुरुवार को वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्कवेयर में वरिष्ठ कार्डिनलों ने उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की। नई जिम्मेदारी के साथ उन्हें ‘पोप लियो XIV के नाम से जाना जाएगा।
घोषणा से पहले परंपरा के अनुसार सिस्टिन चैपल की चिमनी से सफेद धुआं उठता देखा गया, जो करीब 70 मिनट बाद दिखाई दिया। इसी के साथ स्पष्ट हुआ कि चर्च को नया आध्यात्मिक प्रमुख मिल चुका है। फ्रांस के कार्डिनल डोमिनिक माम्बरटी ने सार्वजनिक रूप से प्रीवोस्ट के नाम की घोषणा की।