Breaking News

रांची में आज इतने घंटे गुल रहेगी बिजली, ट्रैफिक रूट में भी बदलाव

प्रकृति का महापर्व सरहुल मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सरहुल पूजा होने के बाद दोपहर दो बजे से रांची के विभिन्न मौजा, अखड़ा और सरना स्थलों से शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसमें महिला-पुरुष और बच्चे अपने पारंपरिक वेशभूषा व वाद्ययंत्रों और आकर्षक जनजातीय झांकियों के साथ नाचते-गाते हुए शामिल होंगे।

सरहुल शोभायात्रा को लेकर मंगलवार को रांची में करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। दोपहर 1 से लेकर रात 11 बजे तक बिजली को बंद रखा जाएगा। इसके अलावा रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता डीएन साहू के द्वारा सरहुल पर्व को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। अधीक्षण अभियंता की ओर से बिजली निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी अलर्ट पर रहेंगे। अपने-अपने सरकारी और निजी मोबाइल को चालू रखेंगे, ताकि समस्या की तुरंत सूचना दी जा सके। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के समाप्त होने के बाद जांच की बिजली की सप्लाई करें।

सरहुल शोभायात्रा का मुख्य केंद्र केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली होगा। यहां शोभायात्रा में शामिल सभी लोग अपने खोड़हा के साथ आएंगे और सरना स्थल की परिक्रमा कर वापस अपने गंतव्य स्थान के लिए लौट जाएंगे। शोभायात्रा के स्वागत के लिए रांची शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आकर्षक तोरण द्वार सहित स्वागत मंच विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक व धार्मिक संगठनों द्वारा बनाए गए हैं।

पूर्व में सभी सरना स्थलों पर सरहुल पर्व की पारंपरिक विधि पूरी की जाएगी। हातमा मौजा के जगलाल पाहन सरना स्थल में पूजा करेंगे और सरना स्थल में रखे गए घड़ों को देखकर वर्ष में होने वाली बारिश की भविष्यवाणी करेंगे। हातमा में पूजा सुबह नौ बजे से होगी। जनजातीय क्षेत्रीय भाषा विभाग में सुबह 10.30 बजे सरहुल महोत्सव होगा। इसमें मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के कुलपति होंगे। आदिवासी कॉलेज छात्रावास में भी सुबह 10 बजे से पूजा होगी।

●शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाई गई है रोक

●भारी वाहन सुबह 6 से रात साढ़े 12 बजे तक प्रवेश नहीं करेंगे

●सभी मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद करने के लिए एक दर्जन से ज्यादा ड्रॉप गेट बनाए जा रहे हैं, जहां सुरक्षाकर्मी रहेंगे मौजूद

●जिन क्षेत्रों से शोभायात्रा निकलेगी, उन इलाकों में बिजली बंद रहेगी।

●शोभायात्रा की पेट्रोलिंग करवाकर और स्थानीय प्रशासन की अनुमति के बाद ही बिजली बहाल होगी।

●तीन पालियों में 24 घंटे चलने वाला नियंत्रण कक्ष का गठन।

●नियंत्रण कक्ष का संपर्क नंबर 9431135682 होगा।

●सभी बिजली अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे।

●पदाधिकारी-कर्मचारी विभागीय और निजी मोबाइल को चालू रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *