झमाझम बारिश के साथ तूफानी हवाएं भी चलेंगी, अगले 4 दिन कैसा रहेगा झारखंड का मौसम; ऑरेंज अलर्ट जारी

झारखंड में रांची समेत अलग-अलग जिलों में शनिवार को आंधी-बारिश के दौरान वज्रपात से नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कई जिलों में बारिश के बीच 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
इससे घरों के छप्पर उड़ गए। कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। कई जगह बिजली गुल रही। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए झारखंड में इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल…
झारखंड में मौसम ने कई जिलों में कहर बरपाया। वज्रपात से पूर्वी सिंहभूम के कोवाली के चाकड़ी गांव में घर में सो रहे किशोर कुणाल सरदार (14 वर्ष) की मौत हो गई। मूसलाधार बारिश के साथ बिजली मनोज सरदार के घर बिजली गिरी थी। परिजन कुणाल को सदर अस्पताल लेकर गए, जहां मृत घोषित कर दिया। हजारीबाग के चलकुशा में एक, रांची के रातू में एक, पलामू के हुसैनाबाद में एक, बोकारो के चंद्रपुरा घटियारी में एक, पेटरवार में एक बच्ची, जामताड़ा में एक और गिरिडीह में दो की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अभी राहत मिलने की संभावना नहीं जताई है।
21 मई तक जारी रहेगा मौसम का कहर
झारखंड में अगले चार दिन यानी 21 मई तक आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को रांची समेत विभिन्न जिलों दोपहर तक लोगों को तपती धूप का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में मौसम में बदलाव से राहत मिली। शनिवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8, गढ़वा का 42.5, कोडरमा का 41, गोड्डा का 40.7, हजारीबाग का 39.9, चाईबासा 39.4, जमशेदपुर 38, रांची का 37.5, बोकारो का 34.1 डिग्री रहा। ऐसे में अगले चार दिनों झारखंड में अलग-अलग जिलों में बारिश देखने को मिलेगी, जिससे तापमान में गिरावट की संभावना है।