दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों की नई लिस्ट हुई जारी, जानिए भारत की रैंकिंग.

ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल ने मंगलवार (11 फरवरी, 2025) को 180 देशों की भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक (CPI) 2024 रैंकिंग रिपोर्ट जारी की।
रिपोर्ट के मुताबिक, रैंकिंग में पाकिस्तान दो पायदान फिसलकर 135वें स्थान पर आ गया है। साल 2023 के मुकाबले देश की रैंकिंग में दो अंकों की गिरावट आई है। पाकिस्तान 2023 में 133वें नंबर पर था, जबकि 2024 में यह 135वें नंबर पर आ गया है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, CPI दुनिया के 180 देशों को सार्वजनिक क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के आधार पर शून्य (सबसे भ्रष्ट) से 100 (सबसे साफ) के स्कोर पर रैंक करता है।
सबसे ईमानदार देश है डेनमार्क
वहीं, सबसे कम भ्रष्टाचार वाले देशों में डेनमार्क सबसे ऊपर है। डेनमार्क लगातार 7वें साल शीर्ष पर रहा, उसे 90 अंक मिले। फिनलैंड (88) और सिंगापुर (84) दूसरे स्थान पर रहे। उसके बाद न्यूजीलैंड (83) और लक्जमबर्ग (81) हैं। शीर्ष रैंक वाले देशों में नॉर्वे और स्विटजरलैंड को 81 अंक मिले हैं। जबकि स्वीडन को 80 अंक मिले हैं।
पाकिस्तान की रैंकिंग
सबसे ज्यादा स्कोर वाले देश को सबसे साफ और सबसे कम स्कोर वाले देश को सबसे भ्रष्ट देश घोषित किया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान का स्कोर 29 से गिरकर 27 हो गया है, जिससे साफ पता चलता है कि देश में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। जिससे देश की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है। दुनिया भर में इसकी छवि और भी खराब हुई है। रैंकिंग में पाकिस्तान माली, लाइबेरिया और गैबॉन जैसे देशों के साथ खड़ा है।
भारत की रैंकिंग
अगर हम भारत की बात करें तो भ्रष्टाचार सूचकांक में भारत की रैंकिंग पाकिस्तान से काफी ऊपर है। हालांकि, 2023 की तुलना में इसमें 1 अंक की गिरावट आई है। साल 2024 की रैंकिंग में भारत 38 अंकों के साथ 96वें स्थान पर है। सीपीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर भ्रष्टाचार का स्तर चिंताजनक रूप से उच्च बना हुआ है। रिपोर्ट में दुनिया भर में गंभीर भ्रष्टाचार का खुलासा किया गया है। दो तिहाई से अधिक देशों का स्कोर 100 में से 50 से कम है।
सबसे भ्रष्ट देश है दक्षिण सूडान
दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों की बात करें तो दक्षिण सूडान इस सूची में सबसे ऊपर है। इंडेक्स के अनुसार इसे 8 अंक मिले हैं और इसे सबसे कम 180 रैंक दी गई है, जो इसके सबसे भ्रष्ट देश होने का सबूत है। इसके बाद सोमालिया 179वें और वेनेजुएला 178वें स्थान पर है। सीरिया सूची में 177वें स्थान पर है और यमन, लीबिया, इरिट्रिया, इक्वेटोरियल गिनी 13 अंकों के साथ 173वें स्थान पर हैं। वहीं, निकारागुआ 14 अंकों के साथ 172वें स्थान पर है।